गिरिडीह
गिरिडीह जिले के भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चिताखारो गांव में बुधवार की रात एक बड़ी डकैती की वारदात हुई। करीब एक बजे रात में अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने CSC संचालक संजय वर्मा के घर धावा बोलकर नकदी और जेवर समेत करीब साढ़े चार लाख रुपये की संपत्ति लूट ली।
जानकारी के अनुसार, लूटी गई रकम में ढाई लाख रुपये नकद, एक ड्रोन कैमरा और सोने-चांदी के गहने शामिल हैं। संजय वर्मा अपने घर से ही कॉमन सर्विस सेंटर और जनरल स्टोर चलाते हैं।

पीड़ित ने बताया कि रोज की तरह रात करीब आठ बजे दुकान बंद करने के बाद परिवार संग सो गए थे। आधी रात को छह नकाबपोश डकैतों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और रिवॉल्वर की नोक पर संजय वर्मा, उनकी पत्नी और बेटे को बंधक बना लिया। डकैतों ने हिंदी में आपस में बातचीत करते हुए घर की तलाशी ली और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ धनंजय राम और ओपी प्रभारी अमन सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूछताछ की। पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।
